मुंबई(मलाड) के विलेश्वर महादेव मंदिर में श्री रुद्र स्वरूप सेवा संस्था की भव्य माता चौकी, भक्ति और साहित्य का अद्भुत संगम

मुंबई।
मलाड स्थित प्राचीन विलेश्वर महादेव मंदिर में श्री रुद्र स्वरूप सेवा संस्था के तत्वावधान में आयोजित भव्य माता चौकी का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुंबई के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक काशीराम खांडेका, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मृत्युंजय ठाकुर, मुंबई उपसंयोजक धर्मेंद्र छेड़ा, अरविंद तिवारी सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों ने पधारे हुए अतिथियों और श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर सेवक विनोद मिश्रा रहे, जबकि कार्यक्रम संयोजक राजकुमार पाल ने आयोजन की जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाया। विशिष्ट अतिथियों में चंद्रशेखर शुक्ला, मानस परिवार सेवा संस्था के संस्थापक प्रमोद पांडे, सूर्यकांत तिवारी, शुभम मिश्रा तथा पत्रकार-साहित्यकार लक्ष्मीकांत मिश्र ‘कमल नयन’ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण देश की सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं नीलांबरी फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ. नीलिमा पांडेय का आगमन रहा। उनके मंच पर पहुंचते ही उपस्थित जनसमूह में हर्ष की लहर दौड़ गई और संस्था की ओर से उनका भव्य सम्मान किया गया। उपस्थित महिलाओं के आग्रह पर डॉ. नीलिमा पांडेय ने जब पचरा प्रस्तुत किया, तो पूरा सभागार मंत्रमुग्ध हो गया।
भजन सम्राट कुमार घनश्याम एवं उनकी टीम ने माता के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति संगीत के साथ वातावरण पूरी तरह देवीमय हो उठा।
अंत में श्री रुद्र स्वरूप सेवा संस्था के संस्थापक काशीराम खांडेका ने सभी अतिथियों, कलाकारों, श्रद्धालुओं एवं संस्था के सक्रिय कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह आयोजन भक्ति, सेवा और सांस्कृतिक समरसता का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आया।




