ब्रेकिंग न्यूज

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त रुख:कम छात्र उपस्थिति और कमजोर परीक्षा परिणामों पर शिक्षकों को फटकार, नोटिस के निर्देश


गौरेला(छत्तीसगढ़ उजाला)
जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने गौरेला विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोडरी, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बढ़ावनडांड तथा हाई स्कूल सधवानी सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोडरी में छात्रों की उपस्थिति अत्यंत कम पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। विशेष रूप से गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों में प्री-बोर्ड एवं अर्धवार्षिक परीक्षा के कमजोर परिणामों को लेकर संबंधित विषय शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। इस लापरवाही पर दो शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बढ़ावनडांड का निरीक्षण किया गया, जहां विद्यार्थियों की उपस्थिति असंतोषजनक पाई गई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा भविष्य में सुधार नहीं होने पर नोटिस जारी करने की बात कही।
अंत में हाई स्कूल सधवानी का निरीक्षण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्रों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने एवं अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों को निर्देशित किया कि छात्रों पर विशेष ध्यान देते हुए इस शैक्षणिक सत्र में बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button