*स्कूल के सामने से नाबालिग छात्र का चाकू दिखाकर अपहरण, कार में लेजाकर की पिटाई*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सिविल लाइन क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ने वाले नाबालिगों के बीच गर्लफ्रेंड से बात करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद एक नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 10 वीं के छात्र को स्कूल के सामने से उठा लिया। उसे कार में बिठाकर सुनसान जगह पर ले गए। बालकों ने उसके साथ मारपीट कर छोड़ दिया। इसमें एक युवक भी शामिल था। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर दो नाबालिग समेत तीन आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
सिविल लाइन क्षेत्र के अमेरी रोड में रहने वाले हर्ष द्विवेदी मेडिकल एजेंसी चलाते हैं। उनका बेटा यज्ञ द्विवेदी रिंग रोड स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ाई करता है। व्यवसायी ने बताया कि उनका बेटा 11 फरवरी की सुबह स्कूल में पढ़ाई के बाद घर लौट रहा था। स्कूल से निकलते ही साथ में पढ़ने वाला नाबालिग अपने नाबालिग दोस्त और लक्ष्य आहूजा को लेकर वहां पर आया। युवक और नाबालिगों ने मिलकर छात्र को चाकू की नोक पर कार में बिठा लिया। एक नाबालिग ने अपनी गर्लफ्रेंड से बात करने का आरोप लगाकर छात्र को सुनसान जगह पर ले गए। वहां पर युवक और नाबालिगों ने छात्र की जमकर पिटाई की। मारपीट से घायल छात्र को वहीं छोड़ भाग निकले, छात्र किसी तरह घर पहुंच स्वजन को जानकारी दी।
जिसकी सिविल लाइन थाने में शिकायत की गई है। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपित लक्ष्य आहूजा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दोनों नाबालिग को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
कार और बेसबाल किया जब्त
पुलिस ने घायल छात्र का बयान दर्ज कर लिया है। छात्र के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। साथ ही मारपीट में इस्तेमाल किए गए बेसबाल को जब्त किया गया है। अब पुलिस मामले में शामिल अन्य युवकों की जानकारी जुटा रही है।



