छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज, CM विष्णुदेव साय ने बुलाई सभी मंत्रियों की अहम बैठक

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में सभी मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। आधिकारिक तौर पर इसे विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस बैठक ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
सूत्रों के अनुसार मंत्रियों को बैठक में शामिल होने की सूचना तो दे दी गई है, लेकिन बैठक के एजेंडा को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। यही वजह है कि सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर इस बैठक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बैठक का उद्देश्य केवल विभागीय कार्यों की समीक्षा होता, तो अलग-अलग विभागों की समीक्षा बैठकें आयोजित की जा सकती थीं। ऐसे में सभी मंत्रियों को एक साथ मुख्यमंत्री निवास में तलब किए जाने को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया से अलग माना जा रहा है।
प्रदेश की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से मंत्रिमंडल में बदलाव, जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और संगठनात्मक रणनीति को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री की यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि सरकार या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक किसी संभावित फेरबदल या विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
अब राजनीतिक गलियारों की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं। बैठक के बाद सामने आने वाले संकेत यह स्पष्ट कर सकते हैं कि यह केवल समीक्षा बैठक है या फिर सरकार के भीतर किसी बड़े राजनीतिक निर्णय की भूमिका तैयार की जा रही है।
फिलहाल, मुख्यमंत्री निवास में होने वाली इस बैठक को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है और देर रात तक इसकी चर्चाएं जारी रहने की संभावना है।



