भाजपा नेता भरत सिंह हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन: प्रभावित क्षेत्र में धारा 163 लागू, जुलूस-प्रदर्शन और हथियारों पर प्रतिबंध

कोरिया/सोनहत(छत्तीसगढ़ उजाला)*भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद सोनहत क्षेत्र में उपजे तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई और कटगोड़ी सहित संबंधित क्षेत्रों तथा क्रेशर प्लांट के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों और क्रेशर प्लांट से 300 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा, हथियारों के साथ आवागमन तथा विस्फोटक सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, पोस्टर वितरण और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ ग्राम कटगोड़ी पहुंचे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को आग के हवाले कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही भरत सिंह गहरवार की मौत हो गई।
घटना में उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्होंने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा न करने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।




