PWD सचिव मुकेश बंसल की कोरिया में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में विभाग के प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विधायक भैया लाल राजवाड़े, कलेक्टर रोक्तिमा यादव, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव बंसल ने अधिकारियों को निर्माणाधीन सड़कों, पुलों एवं भवनों के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों एवं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों।
बैठक में विधायक भैया लाल राजवाड़े ने कोरिया जिले की बहुप्रतीक्षित सड़क एवं पुल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनके पूरा होने से जिले के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
वहीं कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिले के लिए प्रस्तावित महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए विकासखंड मुख्यालय सोनहत में सर्किट हाउस निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों के आवागमन तथा ठहरने की सुविधा में सुधार होगा।
सचिव मुकेश बंसल ने विधायक और कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एकीकृत प्राक्कलन शासन को भेजने के निर्देश दिए, जिससे विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
सचिव बंसल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना विकास है और सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



