VIP गेस्ट हाउस बना अय्याशी का अड्डा: DSPM के चीफ केमिस्ट समेत 5 अफसरों की शराब पार्टी बेनकाब, मंत्री के हस्तक्षेप से हड़कंप

कोरबा(छत्तीसगढ़ उजाला)-सरकारी वीआईपी गेस्ट हाउस, जहां आमतौर पर प्रशासनिक बैठकों और वीआईपी ठहराव की व्यवस्था होती है, वहीं एक ‘गुप्त महफिल’ के खुलासे से हड़कंप मच गया। DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अधिकारियों को शराब पार्टी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। इस पूरे घटनाक्रम के फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, मौके से बीयर और शराब की कई बोतलें बरामद हुई हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि उसी समय गेस्ट हाउस में बीजेपी नेताओं की एक अहम बैठक चल रही थी। इसी दौरान कार्यकर्ताओं को एक कमरे से तेज आवाजें और सिगरेट के धुएं की गंध महसूस हुई, जिसके बाद शक गहराया और मामला उजागर हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को सूचित किया गया। मंत्री ने तुरंत कंपनी के एमडी एस.के. कटियार को फोन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कोरबा दौरे के दौरान उनसे मुलाकात के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसी बीच स्थानीय कार्यकर्ताओं की सतर्कता से यह मामला सामने आ गया।
फिलहाल, कंपनी प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
यह घटना न केवल सरकारी व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली और अनुशासन पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही है।



