रायपुर में कथित मतांतरण सभा पर कार्रवाई: मिनी मरीन ड्राइव चौपाटी के पास छापा, चार गिरफ्तार

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी के रायपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरातालाब इलाके की मिनी मरीन ड्राइव चौपाटी के पास एक कॉम्प्लेक्स में चल रही कथित मतांतरण गतिविधियों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य को भी प्रकरण में नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल पर कैफे का बोर्ड लगा हुआ था, जबकि नीचे स्थित हॉल को किराए पर लेकर एक सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदूवादी संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई और शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, हीरापुर निवासी योगेश बरिहा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सैफिन मसीह, अमीन क्रिश्चियन, श्रीकांत मनहर और उदय प्रसाद सहित अन्य लोग गैर-क्रिश्चियन समुदाय के लोगों को नौकरी, शिक्षा, इलाज और आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहे थे। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सूचना मिलने पर वे अन्य लोगों के साथ कटोरातालाब स्थित हॉल पहुंचे, जहां सभा चल रही थी। विरोध करने पर कथित रूप से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की घटना हुई, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा।
पुलिस ने नामजद आरोपियों में से सैफिन मसीह, अमीन क्रिश्चियन, श्रीकांत मनहर और उदय प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बलौदाबाजार निवासी जैकब दास, जिसने हॉल किराए पर लिया था, उसे भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि हॉल मालिक को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




