भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में बढ़ी हलचल, सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर अब 27 मई को सुनवाई

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 27 मई तय की है। मामले में आरोपी सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर अब 27 मई को फैसला होगा। सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि उन्हें अब तक पिटिशन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की गई।
सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह की ओर से यह भी दलील दी गई कि यह कहना गलत है कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर महाधिवक्ता ने अदालत में जमानत का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिबाला सिंह को राहत देना उचित नहीं होगा।
महाधिवक्ता ने कोर्ट को यह भी जानकारी दी कि मामले में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है, जिससे मौत की परिस्थितियों पर नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है। इसी के साथ अब पूरे मामले की जांच और भी संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार 11-12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया था, लेकिन मृतका के परिजनों ने रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर मौजूद चोट के निशानों का उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया।
इसी आधार पर मृतका की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया। हालांकि निचली अदालत से गिरिबाला सिंह को पहले ही जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अब दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगामी सुनवाई पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई है। 27 मई की सुनवाई इस हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ा मोड़ ला सकती है।




