बोर्ड परीक्षा शुल्क वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर के माध्यम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि मंडल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार नियमित परीक्षा शुल्क लगभग ₹460 से बढ़ाकर करीब ₹800 कर दिया गया है। वहीं आवेदन शुल्क ₹80 से बढ़ाकर ₹150 कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त कुल लगभग 22 प्रकार के विभिन्न शुल्कों में वृद्धि की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार एक ओर शिक्षा सुधार और गुणवत्ता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर शिक्षा को महंगा बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय विशेष रूप से ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों के लिए आर्थिक रूप से अत्यंत नुकसानदायक साबित होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान निर्णय छात्रों की कमर तोड़ने वाला है। एनएसयूआई ने मांग की है कि बढ़ाए गए सभी परीक्षा शुल्कों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए अथवा कम किया जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो छात्रहित में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के साथ प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश महासचिव अर्पित केसरवानी, संयुक्त प्रदेश महासचिव अभिलाष रजक, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, तखतपुर विधानसभा अध्यक्ष प्रियांशु डहरिया, युवा कांग्रेस जिला महासचिव भूपेंद्र साहू, जिला महासचिव शुभम जायसवाल, शिवांश पाठक, प्रवीण साहू, राजा साहू, विपिन साहू, उमेश पटेल, पुष्कर पाल, राज नायक, आकाश सिंह सहित एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




