15 जुलाई से पहले आ सकती है छत्तीसगढ़ की बड़ी IPS तबादला सूची, कई IG-SSP-SP बदलेंगे; दो महिला अधिकारियों को मिल सकती है जिले की कमान
तीन पुलिस रेंज में IG बदलने की चर्चा, करीब एक दर्जन IPS अधिकारियों के तबादले की तैयारी; कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ सरकार लंबे समय से प्रतीक्षित भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की तबादला सूची 15 जुलाई से पहले जारी कर सकती है। पुलिस मुख्यालय और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें करीब एक दर्जन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल होने की चर्चा है। इस फेरबदल में तीन पुलिस रेंज के आईजी, कई जिलों के एसएसपी-एसपी तथा पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक दुर्ग, सरगुजा और राजनांदगांव रेंज के आईजी बदले जा सकते हैं। पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक अजय यादव को राजनांदगांव रेंज का नया आईजी बनाए जाने की चर्चा है। वहीं वर्तमान राजनांदगांव आईजी बालाजी राव सोमावार को सरगुजा रेंज और सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा को दुर्ग रेंज भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। दुर्ग रेंज के वर्तमान आईजी अभिषेक शांडिल्य को भी नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं।
इस संभावित तबादला सूची की सबसे महत्वपूर्ण बात यह मानी जा रही है कि पहली बार दो महिला आईपीएस अधिकारियों को जिलों की पुलिस अधीक्षक (SP) की कमान सौंपी जा सकती है। धमतरी और सारंगढ़ जिलों में महिला एसपी की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा प्रशासनिक संतुलन स्थापित करना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह के नाम भी संभावित तबादला सूची में चर्चा में हैं। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता, मयंक गुर्जर और संदीप पटेल को क्रमशः दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा का पुलिस अधीक्षक बनाया जा सकता है।
कोरबा पुलिस अधीक्षक के लिए राजेश कुकरेजा, चंद्रमोहन सिंह और त्रिलोक बंसल के नामों पर चर्चा है। मुंगेली एसपी भोजराम पटेल को बेमेतरा भेजे जाने की संभावना है, जबकि सुकमा एसपी किरण गंगाराम चव्हाण को कोरिया जिले की जिम्मेदारी मिल सकती है।
इसके अलावा कांकेर एसपी निखिल राखेचा को अंबिकापुर, दंतेवाड़ा एसपी राय गौरव रामप्रवेश को सूरजपुर और बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव को मुंगेली भेजे जाने की चर्चा है। बेमेतरा, कोरिया, अंबिकापुर, सूरजपुर समेत कई अन्य जिलों में भी पुलिस अधीक्षकों के स्तर पर व्यापक फेरबदल होने की संभावना है।
पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी बदलाव के संकेत हैं। डीआईजी प्रशांत ठाकुर, राजेश अग्रवाल और रामकृष्ण साहू को नई जिम्मेदारियां दिए जाने की चर्चा है।
हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक संभावित तबादला सूची को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह जानकारी प्रशासनिक और पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के हवाले से सामने आ रही है।




