ब्रेकिंग न्यूज

अंबिकापुर में एसीबी की बड़ी कार्यवाही : 1 लाख की रिश्वत लेते कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

अंबिकापुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी द्वारा एक व्यापारी को झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजीत कुमार कश्यप, निवासी प्रतापपुर (जिला सूरजपुर), हैदराबाद की कंपनी साईं भव्या सीड्स में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी द्वारा धान और मक्का के बीजों की सप्लाई की जाती है। अगस्त माह की बिक्री के बाद बचा हुआ बीज अंबिकापुर के दरिमा रोड स्थित मां महामाया कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया था।
इसी दौरान विकासखंड अंबिकापुर में पदस्थ बीज निरीक्षक/कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को उक्त भंडारण की जानकारी मिली। आरोपी ने प्रार्थी पर अवैध बीज भंडारण का झूठा आरोप लगाते हुए कार्रवाई का भय दिखाया और मामले को दबाने के एवज में 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत एसीबी अंबिकापुर में दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश मानी जा रही.

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button