ब्रेकिंग न्यूज

CBI की बड़ी कार्रवाई: रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीएमई अनमोल उके गिरफ्तार, 77 लाख कैश और 14 लाख के सोने के आभूषण बरामद

रिश्वत के 50 हजार रुपए लेते बिचौलिया भी पकड़ा गया, लंबित बिल पास कराने के एवज में मांगे थे 2 लाख रुपए

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने पीपी यार्ड में पदस्थ सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (Senior DME) अनमोल उके को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बिचौलिए को भी गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपी वरिष्ठ डीएमई ने शिकायतकर्ता के लंबित बिलों को मंजूरी देने के एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद अधिकारी 1 लाख रुपए लेने पर सहमत हुआ। इसके बाद सीबीआई ने 13 अगस्त 2026 को जाल बिछाकर कार्रवाई की।

50 हजार रुपए की पहली किस्त लेते पकड़ा गया बिचौलिया

सीबीआई के ट्रैप के दौरान आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए एक बिचौलिए के माध्यम से स्वीकार किए। बताया गया कि बिचौलिए ने अधिकारी के निर्देश पर शिकायतकर्ता से रकम ली थी। रिश्वत की रकम लेने के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी और बिचौलिए को पकड़ लिया।

रायपुर और भिलाई में हुई तलाशी

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित आवास तथा कार्यालय परिसरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान जांच एजेंसी को बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण मिले।

सीबीआई के अनुसार, तलाशी में करीब 77 लाख रुपए नकद और लगभग 14 लाख रुपए मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद रकम और संपत्ति को लेकर जांच एजेंसी ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

चार दिन की पुलिस हिरासत में आरोपी

सीबीआई ने सीनियर डीएमई अनमोल उके और बिचौलिए को 14 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सीबीआई अब रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क, लंबित बिलों से जुड़े मामलों और बरामद नकदी व आभूषणों के स्रोत की जांच कर रही है।

मुख्य बिंदु:

सीनियर डीएमई अनमोल उके गिरफ्तार

50 हजार रुपए की रिश्वत लेते बिचौलिया पकड़ा गया

कुल 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगे जाने का आरोप

बातचीत के बाद 1 लाख रुपए में सौदा तय होने का दावा

रायपुर और भिलाई में CBI की तलाशी

करीब 77 लाख रुपए कैश बरामद

करीब 14 लाख रुपए के आभूषण मिले

दोनों आरोपी चार दिन की पुलिस हिरासत में

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button