*दोनों बहनों को एक बार फिर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ किया गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ी से करतीं थीं तस्करी*
छत्तीसगढ़ उजाला - प्रतीक सोनी

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सरकंडा पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित महिलाओं के कब्जे से छह किलोग्राम गांजा, करीब पांच लाख 98 हजार रुपये नगद बिक्री रकम, एक कार और दो दुपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार गांजा तस्करों को न्यायालय में पेश कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार सरकंडा पुलिस को सूचना मिली की राजकिशोर नगर स्थित पाटलीपुत्र नगर में दो महिलाए गांजा का कारोबार कर रही हैं। सरकंडा पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने अपना नाम जयराम नगर निवासी मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी और सुदामा केंवट उर्फ रानी बताया। घर की तलाशी के दौरान टीम को बेडरूम में छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। इसके अलावा, महिलाओं के पास मौजूद एक लेडीज बैग की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। बैग के अंदर 5,98,030 रुपये नगद भरे हुए थे, जिसे गांजा बिक्री की रकम के रूप में जब्त किया गया है। मौके से तस्करी में कार क्रमांक सीजी 22 वाय 4299, जुपिटर स्कूटर और एक्टिवा को भी कब्जे में लिया गया है। आरोपितों के पास से कीमती हाथ घड़ियां और मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ी गई महिलाएं काफी शातिर तरीके से तस्करी का नेटवर्क चला रही थीं। वे गांजा छिपाने और सुरक्षित सप्लाई करने के लिए लग्जरी कार और अलग-अलग स्कूटरों का उपयोग करती थीं ताकि पुलिस और आम लोगों को उन पर शक नहो। पुलिस ने मौके से जब्त कार और दुपहिया वाहनों की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी है। जब्त रुपयों में 500 और 200 के नोटों के बंडल भी जब्त किया है।


