ब्रेकिंग न्यूज

स्व. शांति मिश्रा की नवम पुण्यतिथि पर 49वां मेगा स्वास्थ्य शिविर, नेत्र–श्रवण जांच सहित अनेक कार्यक्रम:डॉ राकेश मिश्र

नौगांव/सतना/धवर्रा(छत्तीसगढ़ उजाला)
पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा अपनी संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्रीमती शांति मिश्रा की नवम पुण्यतिथि पर 5 अप्रैल 2026 (रविवार) को नीलकंठ धाम, धवर्रा (नौगांव), जिला महोबा (उ.प्र.) में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धांजलि के साथ-साथ स्वास्थ्य, सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे सुंदरकाण्ड पाठ से होगी, जिसकी पूर्णाहुति दोपहर 1 बजे होगी। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
49वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर: “आपका अस्पताल आपके द्वार”
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 49वां विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर होगा, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ नेत्र एवं श्रवण जांच की विशेष व्यवस्था रहेगी। “आपका अस्पताल आपके द्वार” पहल के तहत ग्रामीणों को उनके ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नेत्र जांच और निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा
सद्गुरु सेवा संघ की विशेषज्ञ टीम द्वारा आंखों का संपूर्ण परीक्षण किया जाएगा। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर बस के माध्यम से चित्रकूट ले जाकर निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मरीजों की तीन दिन तक देखभाल की जाएगी और फिर उन्हें सुरक्षित उनके गांव तक पहुंचाया जाएगा।
श्रवण बाधितों के लिए विशेष शिविर
एल्पस इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड⁠� की टीम द्वारा कानों की जांच की जाएगी। श्रवण समस्या से जूझ रहे मरीजों को निःशुल्क हियरिंग मशीन और आवश्यक दवाइयां वितरित की जाएंगी। इस पहल से कई जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
‘नवम पुष्प’ पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान न्यास की वर्ष 2025-26 की सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के संकलन “नवम पुष्प” पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें संस्था के सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण रहेगा।
सेवा और समर्पण का उदाहरण
पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। नियमित स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण, नेत्र परीक्षण, पर्यावरण संरक्षण अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम इसके प्रमुख कार्यों में शामिल हैं।
न्यास का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति संसाधनों के अभाव में स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
जनभागीदारी की अपील
न्यास पदाधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और ग्रामीणों को इसकी जानकारी देकर लाभान्वित करने की अपील की है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button