ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ को मिला नया वन प्रमुख: अरूण पांडे बने PCCF एवं वन बल प्रमुख, सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी अरूण पांडे को प्रदेश का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। अरूण पांडे वर्तमान PCCF व्ही. श्रीनिवासन राव का स्थान लेंगे, जो आगामी 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इस नियुक्ति के बाद वन विभाग और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, नए PCCF की नियुक्ति को लेकर विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में वरिष्ठ IFS अधिकारियों के नामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख दावेदारों में अरूण पांडे, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नाम शामिल थे।

वरिष्ठता, प्रशासनिक अनुभव और विभागीय कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए आखिरकार अरूण पांडे के नाम पर सहमति बनी।
अरूण पांडे को वन विभाग में लंबे प्रशासनिक अनुभव और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और जंगलों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। विभागीय अधिकारियों के बीच उनकी पहचान एक सख्त, अनुशासित और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में मानी जाती है।

बताया जा रहा है कि राज्य सरकार आने वाले समय में वन संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार, जंगलों की निगरानी और वन्यजीव प्रबंधन को लेकर कई नई योजनाओं पर काम करने जा रही है। ऐसे में नए PCCF के रूप में अरूण पांडे की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभागीय जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में वन विभाग की कार्यप्रणाली को नई दिशा और गति मिल सकती है।

वहीं, मौजूदा PCCF व्ही. श्रीनिवासन राव का कार्यकाल भी काफी अहम माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में वन विभाग ने कई बड़े संरक्षण अभियान चलाए और जंगलों की सुरक्षा को लेकर कई योजनाओं को जमीन पर उतारा। अब उनके सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग की कमान अरूण पांडे के हाथों में जाएगी।
सरकार द्वारा आदेश जारी होते ही वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अरूण पांडे को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि वे जल्द ही औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

प्रदेश के प्रशासनिक और वन विभागीय हलकों में इस नियुक्ति को बड़े प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए वन बल प्रमुख के रूप में अरूण पांडे वन विभाग को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं और प्रदेश में वन संरक्षण को लेकर क्या नई पहल करते हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button