एमसीबी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: चौन माउंट मशीन और हाइवा जब्त

एमसीबी(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। बीती रात ग्राम पंचायत मलकडोल स्थित रेत खदान में दबिश देकर अवैध रूप से रेत लोडिंग में प्रयुक्त एक चौन माउंट मशीन और एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया।
खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा ने बताया कि मलकडोल रेत खदान में चौन माउंट मशीन के माध्यम से अवैध रेत लोडिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए 25 फरवरी 2026 की रात्रि खदान की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध गतिविधियां संचालित पाई गईं और एक चौन माउंट मशीन को रेत लोडिंग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
उक्त मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 की उपधारा (1) एवं (5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त मशीन और वाहन को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने दोहराया कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।




