मोबाइल हैक कर 13 लाख की ठगी: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के नाम पर साइबर अपराधियों का बड़ा खेल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से साइबर ठगी का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का मोबाइल और WhatsApp अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके परिचितों, समर्थकों और शुभचिंतकों को निशाना बनाया। ठगों ने अस्पताल में इमरजेंसी का हवाला देकर लोगों से आर्थिक मदद मांगी और करीब 13 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने सबसे पहले डॉ. सलीम राज का मोबाइल और WhatsApp अकाउंट हैक किया। इसके बाद उन्होंने उनके मोबाइल में सेव संपर्कों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया। मैसेज में दावा किया गया कि डॉ. सलीम राज किसी गंभीर आपात स्थिति में हैं और तत्काल पैसों की जरूरत है।
ठगों ने अलग-अलग लोगों को WhatsApp पर संदेश भेजकर 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक की मदद मांगी। चूंकि मैसेज सीधे डॉ. सलीम राज के नंबर से भेजे जा रहे थे, इसलिए कई लोगों को इस पर कोई संदेह नहीं हुआ और उन्होंने बताए गए बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी।
घटना के दौरान डॉ. सलीम राज का मूल मोबाइल नंबर बंद था। ऐसे में जिन लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, वे बात नहीं कर सके। इसका फायदा उठाते हुए साइबर ठगों ने लोगों का भरोसा जीत लिया और लाखों रुपये अपने खातों में जमा करा लिए।
जब डॉ. सलीम राज का मोबाइल दोबारा चालू हुआ, तब उन्हें अपने नाम पर हो रही ठगी की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत अपने परिचितों और समर्थकों को सतर्क किया तथा घटना की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल हैकिंग और बैंक खातों के जरिए रकम ट्रांसफर करने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
साइबर विशेषज्ञों और पुलिस का कहना है कि यदि कोई परिचित, रिश्तेदार, जनप्रतिनिधि या अधिकारी अचानक WhatsApp, सोशल मीडिया या मैसेज के जरिए पैसों की मांग करे, तो रकम भेजने से पहले सीधे फोन कॉल या व्यक्तिगत संपर्क कर उसकी पुष्टि जरूर करें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक ठगी का शिकार बनने से बचा सकती है।
“पहले पुष्टि, फिर भुगतान” — साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका यही है।




