ब्रेकिंग न्यूज

सक्ती में बड़ा हादसा: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 3 की मौत, दर्जनों झुलसे

छत्तीसगढ़ उजाला-छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में हुए जोरदार विस्फोट के चलते 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि इस दर्दनाक घटना में 3 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक बॉयलर में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्लांट परिसर को सील कर सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। अस्पतालों के बाहर परिजन अपने अपनों की हालत जानने के लिए परेशान नजर आ रहे हैं।

वेदांता पावर प्लांट में हुआ यह बड़ा ब्लास्ट औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि मजदूरों की सुरक्षा और प्लांट संचालन के मानकों की सख्त निगरानी बेहद जरूरी है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button