वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ का परचम: IPS डॉ. संतोष सिंह की UN शांति मिशन रिसर्च को NSA अजीत डोभाल और PMO की बड़ी सराहना

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी और रायपुर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ DIG डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी हाल ही में प्रकाशित शोध पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” को देश के शीर्ष अधिकारियों से सराहना मिली है।
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल तथा प्रधानमंत्री कार्यालय ने डॉ. सिंह को पत्र लिखकर उनके उत्कृष्ट शोध कार्य की प्रशंसा की है।
यह पुस्तक विशेष रूप से अफ्रीकी देशों सिएरा लियोन और बुरुंडी में संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली पर केंद्रित है। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति बहाली के प्रयासों, संस्थागत चुनौतियों और वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए अपनाए जा रहे दृष्टिकोण का गहन विश्लेषण किया गया है।
एनएसए अजीत डोभाल ने अपने पत्र में लिखा कि यह पुस्तक संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों को समझने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है। उन्होंने इसे वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि ऐसे शोध कार्य नई सोच और प्रभावी नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. संतोष कुमार सिंह की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है, जो यह दर्शाती है कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए भी वैश्विक स्तर पर बौद्धिक योगदान दिया जा सकता है।




