ब्रेकिंग न्यूज

सूरजपुर में 48 घंटे में 3 फंदे, 3 मौतें! नई नवेली दुल्हन, 12वीं का छात्र और युवक ने दी जान, लगातार घटनाओं से दहला पूरा इलाका

सूरजपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर थाना क्षेत्र में महज 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दो माह पहले विवाहिता बनी एक युवती, 12वीं कक्षा के छात्र और 26 वर्षीय युवक के शव अलग-अलग स्थानों पर फांसी के फंदे से लटके मिले। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद गांवों में दहशत का माहौल है, जबकि तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दो माह पहले हुई थी शादी, पेड़ पर लटका मिला नवविवाहिता का शव

पहली घटना मोहरसोप चौकी क्षेत्र के ग्राम उमझर की है। यहां 18 वर्षीय गीता सिंह, जिसकी शादी करीब दो माह पहले हुई थी, का शव गांव के पास एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवविवाहिता ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।

26 वर्षीय युवक ने भी फंदे से दी जान

इसी क्षेत्र में दूसरी घटना सामने आई, जहां सुनील पनिका (26 वर्ष) का शव ग्राम लांजित के पास एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। युवक की आत्महत्या के पीछे की वजह का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

12वीं के छात्र की मौत से गांव में मातम

तीसरी घटना ग्राम पंचायत खोहिर की है। यहां 19 वर्षीय रंगबली सिंह, जो 12वीं कक्षा का छात्र था, का शव भी फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में छात्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

लगातार तीन मौतों से सहमा इलाका

महज 48 घंटे के भीतर तीन युवाओं की मौत ने पूरे चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अब तक किसी भी घटना के पीछे कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस बोली— हर पहलू की हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button