ब्रेकिंग न्यूज

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों के विरोध में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन


मरवाही में भूपेश बघेल व टीएस सिंहदेव का पुतला दहन, सनातन संस्कृति के समर्थन में नारेबाजी
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)
जीपीएम जिले के मरवाही में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा साधु-संतों और सनातन संस्कृति पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुराने बस स्टैंड के पास सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी सहित दोनों नेताओं का पुतला दहन कर तीखा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो नेता आयुष कुमार मिश्रा ने किया। कार्यकर्ताओं ने “मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए कांग्रेस नेताओं पर सनातन विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में भाजपा व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों और संत-महात्माओं की भूमि है, जहां संतों का सम्मान हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग रहा है। किसी संत को राजनीतिक एजेंट कहना न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि यह सनातन संस्कृति पर सीधा प्रहार है।
इस अवसर पर भाजयुमो नेता आयुष कुमार मिश्रा ने कहा कि भूपेश बघेल लगातार सनातन विरोधी बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतांतरण के मामलों या बांग्लादेश एवं बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सनातन संस्कृति के खिलाफ किसी भी बयान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह प्रदर्शन प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया के आह्वान एवं जिला अध्यक्ष अंकुर गुप्ता के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी सनातन संस्कृति और साधु-संतों के सम्मान के लिए सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में भूपेश बघेल द्वारा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर की गई टिप्पणी और टीएस सिंहदेव के कुछ बयानों को लेकर प्रदेशभर में भाजपा एवं हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में मरवाही में यह पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
जिला महामंत्री भाजपा किशन सिंह ठाकुर, भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष कमलेश यादव, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह दीक्षित, वरिष्ठ भाजयुमो नेता आयुष कुमार मिश्रा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष एकलव्य केवट, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह नहरेल, महामंत्री गोविंद गुप्ता, वरिष्ठ नेता इंद्रपाल तिवारी, कैलाश सोनी, भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य आकर्ष प्रताप सिंह, कन्हैया दुबे, महामंत्री किशन रजक, पार्षद अमर हलवाई, सावन राय, मनीष चौधरी, संजय राय, कृष्ण चौधरी, मयंक द्विवेदी, पूरब केवट, धर्मेंद्र, अवधेश, निकित राय, हर्ष, मेलाराम, नारायण पुरी, मंगलू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button