ब्रेकिंग न्यूज

कांग्रेस विधायक साजिद खान को बिश्नोई गैंग से धमकी, 10 करोड़ की फिरौती मांग; देवेंद्र फडणवीस ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा


अकोला। महाराष्ट्र के अकोला जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अकोला पश्चिम से कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। जानकारी के अनुसार, शुभम लोणकर नामक व्यक्ति ने कैलिफोर्निया से फोन कर विधायक को धमकाया और 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। कॉल में चेतावनी दी गई कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
विधायक ने तुरंत इस मामले की सूचना जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी और कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को देखते हुए आर्म्स लाइसेंस की मांग भी की है। इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस तकनीकी जांच के जरिए कॉल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप, Y कैटेगरी सुरक्षा
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 16 फरवरी की रात करीब 1:30 बजे विधायक पठान से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार उनके साथ है। इसके तुरंत बाद विधायक को Y कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान कर दी गई।
पुलिस की आपात बैठक, सुरक्षा बढ़ाई
जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंदक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। विधायक की सुरक्षा में भारी वृद्धि करते हुए 4 सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस बिश्नोई गिरोह के राजस्थान समेत अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अकोला जिले में पहले बीजेपी शहर अध्यक्ष को मिली धमकी के बाद अब एक और जनप्रतिनिधि को धमकी मिलने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button