6 हजार की नौकरी, 2 करोड़ का GST नोटिस! PAN के दुरुपयोग से दिल्ली–फर्रुखाबाद में खुलीं फर्जी फर्में युवक के पैरों तले खिसकी ज़मीन

सिद्धार्थनगर (डुमरियागंज)। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के भरवाठिया मुस्तकहम गांव निवासी एक निजी शिक्षक को जीएसटी विभाग की ओर से लगभग 2 करोड़ रुपये टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा गया है। महज छह–सात हजार रुपये महीने कमाने वाले युवक के लिए यह नोटिस किसी सदमे से कम नहीं है।
पीड़ित ओम प्रकाश वर्मा को 10 फरवरी को डाक के माध्यम से 1,99,42,313 रुपये के टैक्स भुगतान का नोटिस मिला। नोटिस पढ़ते ही वह हैरान रह गए, क्योंकि उनकी आमदनी बेहद सीमित है और वे गांव में प्राइवेट टीचर के रूप में कार्य करते हैं।
PAN कार्ड का हुआ दुरुपयोग
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम से दो फर्में पंजीकृत कर ली गईं—
ओम ट्रेडर्स (नई दिल्ली)
वर्मा इंटरप्राइजेज (फर्रुखाबाद)
बताया जा रहा है कि नई दिल्ली स्थित ओम ट्रेडर्स के नाम से बीते वर्ष 11,07,90,628 रुपये का लेनदेन दिखाया गया। इसी लेनदेन के आधार पर 1,99,42,313 रुपये का जीएसटी बकाया बताते हुए नोटिस जारी किया गया।
ओम प्रकाश का कहना है,
“मैं भरवाठिया मुस्तकहम, सिद्धार्थनगर का रहने वाला हूं। मैंने सिर्फ पैन कार्ड बनवाया था। किसी ने उसका गलत इस्तेमाल कर दिल्ली और फर्रुखाबाद में फर्म रजिस्टर कर ली। 2 करोड़ का नोटिस आया तो मैं डर गया। मैं प्राइवेट टीचर हूं, छह–सात हजार रुपये सैलरी है। मुझे बेवजह फंसाया जा रहा है।”
थाने से टैक्स विभाग तक लगाई गुहार
पीड़ित ने मामले की शिकायत डुमरियागंज थाने में की है। इसके बाद वह मुख्यालय स्थित सेल टैक्स विभाग भी पहुंचे। वहां कर उपायुक्त ने बताया कि फर्में उनके नाम से रजिस्टर्ड हैं, जिसके बाद से वे जांच की मांग को लेकर विभागों के चक्कर काट रहे हैं। नोटिस दिल्ली से जारी किया गया है।
जांच की मांग
ओम प्रकाश ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते फर्जीवाड़े का खुलासा नहीं हुआ तो वे आर्थिक और कानूनी संकट में फंस सकते हैं।
यह मामला न सिर्फ पहचान की चोरी (Identity Theft) का गंभीर उदाहरण है, बल्कि जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया में सत्यापन प्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गरीब शिक्षक को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।




