पेंड्रा में संभाग स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता संपन्न: 6 जिलों के 95 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मिला सम्मान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जनपद पंचायत हॉल पेंड्रा में संभाग स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के छह जिलों से आए 95 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मेजबान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के अलावा बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, बिलाईगढ़-सारंगढ़ और मुंगेली जिले के खिलाड़ी शामिल हुए। विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी रहे। उनके साथ सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती सीमा डेविड, नोडल अधिकारी (साक्षरता) आलोक शुक्ला, रामपूरी गोस्वामी (व्यायाम अनुदेशक) सहित विभिन्न जिलों से आए व्यायाम शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शालेय स्तर पर ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के लिए श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन करना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उपस्थित दर्शकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।



