वकीलों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर भड़का जिला अधिवक्ता संघ, थाने में दी लिखित शिकायत

मनेन्द्रगढ़(छत्तीसगढ़ उजाला)
सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के विरुद्ध की गई अभद्र, आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ में भारी आक्रोश है। संघ ने इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
जिला अधिवक्ता संघ द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू एवं ‘दस्तक’ नामक चैनल के संचालक शराफत अली के विरुद्ध यह तहरीर दी गई है। आरोप है कि दिनांक 25 जनवरी 2026 को शराफत अली द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से रघुनाथ पोद्दार का एक वीडियो इंटरव्यू प्रसारित किया गया।
इस इंटरव्यू के दौरान रघुनाथ पोद्दार द्वारा अधिवक्ताओं के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित, अपमानजनक एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही वकीलों पर राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर “नेक्सस” चलाने और प्रोपेगेंडा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे अधिवक्ता समुदाय की सामाजिक छवि को ठेस पहुंची है।
संघ की बैठक में लिया गया निर्णय
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिनांक 04 फरवरी 2026 को जिला अधिवक्ता संघ की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित 13 मिनट के इस वीडियो ने अधिवक्ताओं के प्रति समाज में भ्रम और अनादर की स्थिति उत्पन्न की है। संघ का कहना है कि वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों द्वारा देखा और साझा किया गया, जो वकील समुदाय को जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता संघ ने पुलिस को सौंपे गए आवेदन में कहा है कि दोनों व्यक्तियों ने एकराय होकर अधिवक्ताओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाई है। संघ ने मांग की है कि—
आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
तहरीर सौंपे जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। जिला अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।





