ब्रेकिंग न्यूज

TMC में नहीं थम रहे इस्तीफे: असम प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत मजूमदार ने दिया इस्तीफा, ममता बनर्जी पर सिर्फ मुस्लिमों के लिए काम करने का आरोप

गुवाहाटी/कोलकाता(छत्तीसगढ़ उजाला)-पश्चिम बंगाल की सियासत के बीच अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को असम में भी बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के असम प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत मजूमदार ने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को ई-मेल के माध्यम से भेजा है।

इस्तीफे के साथ मजूमदार ने पार्टी नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असम में टीएमसी की छवि एक विशेष समुदाय तक सीमित पार्टी के रूप में बन गई है, जिससे वे सहमत नहीं हैं। उनका आरोप है कि पार्टी की नीतियां और कार्यशैली व्यापक जनहित के बजाय सीमित राजनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित होती जा रही हैं।

अभिजीत मजूमदार ने अपने इस्तीफा पत्र में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी के साथ आगे काम करना संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैचारिक मतभेदों के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि टीएमसी के भीतर लंबे समय से असंतोष का माहौल बना हुआ है। विभिन्न नेताओं द्वारा पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक निर्णयों पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। असम में प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा इसी कड़ी का एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।

खबरों के अनुसार, बीते कुछ समय में टीएमसी से कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दूरी बनाई है। वहीं भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े मामलों में कई नेताओं के खिलाफ जांच और कार्रवाई भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे पार्टी संगठन पर दबाव बढ़ा है और अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असम में प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे से टीएमसी को संगठनात्मक स्तर पर नुकसान हो सकता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि पार्टी नेतृत्व इस घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देता है और असम इकाई को कैसे संभालता है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button