ब्रेकिंग न्यूज

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जीडीसी रायपुर की अनूठी पहल: रंगोली, नुक्कड़ नाटक और शपथ के जरिए दिया तंबाकू मुक्त समाज का संदेश

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय (जीडीसी) रायपुर के सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 20 मई से 5 जून 2026 तक विविध जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समुदाय में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मौखिक स्वच्छता को प्रोत्साहित करना है।

इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “अनमास्किंग द अपील: निकोटीन एवं तंबाकू की लत के विरुद्ध संघर्ष” रखी गई है। इसी थीम को केंद्र में रखकर महाविद्यालय में विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता एवं रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तंबाकू निषेध का प्रभावशाली संदेश दिया। इस दौरान दंत चिकित्सकों ने भी लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

इसके बाद कॉलेज परिसर में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। छात्रों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से तंबाकू और निकोटीन उत्पादों से जुड़ी सामाजिक तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दर्शाया। नुक्कड़ नाटक के पश्चात शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने बताया कि 5 जून तक विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य तंबाकू उपयोगकर्ताओं को परामर्श एवं सहायता प्रदान करना है। कार्यक्रमों के माध्यम से तंबाकू और निकोटीन उत्पादों की वास्तविकता को सामने लाने, उद्योगों द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करने तथा विशेष रूप से युवाओं को जागरूक और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र वाढेर के मार्गदर्शन में सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. मिलिंद वासनीक सहित डॉ. सोपान सिंह, डॉ. रामकृष्ण चेव्वुरी, डॉ. अभिनव पारख, डॉ. मनीष राठौड़ तथा पीजी छात्र-छात्राओं डॉ. पूनम नारंग, डॉ. आरुही सिन्हा, डॉ. नेहा रानी, डॉ. रिया गर्ग, डॉ. रश्मि राठौर, डॉ. जी. नव्या, डॉ. सोनिया धनखड़, डॉ. गार्गी दीक्षित और डॉ. जागृति पाणिग्राही का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा इंटर्न्स, प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button