ब्रेकिंग न्यूज

चैतूरगढ़ मंदिर जाने वाला मार्ग जोखिमभरा, कलेक्टर के सामने ग्रामीणों ने उठाई पक्की सड़क-रेलिंग की मांग

कोरबा (छत्तीसगढ़ उजाला)-पाली विकासखंड के चेतुरगढ़ क्षेत्र में सड़क और सुरक्षा रेलिंग निर्माण की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। कलेक्टर के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।
शंकर गुफा विकास, मृत्यंजय कल्याण समिति के बैनर तले दिए गए इस ज्ञापन में बताया गया कि चेतुरगढ़ स्थित मंदिर तक जाने वाला करीब 300 मीटर का मार्ग अत्यंत जोखिमभरा है। यहां न तो पक्की सड़क है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा रेलिंग, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समिति के अध्यक्ष दिनेश दास पंथ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यह क्षेत्र एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बावजूद इसके, बुनियादी सुविधाओं का अभाव दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है।
इस दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी हरीश पाण्डेय, पूर्व जनपद सदस्य नारायण सिंह राज, वरिष्ठ ग्रामीण बुधवार सिंह, परसादी दास और वार्ड पंच संपाल दास सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने भी इस मांग का समर्थन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता ऊंचाई पर स्थित और फिसलन भरा होने के कारण कई बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। ऐसे में यहां सड़क और रेलिंग का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है।
अंत में समिति ने प्रशासन से मांग की कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क और रेलिंग निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button