खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: फर्जी RPTP और संदिग्ध लोडिंग के साथ अवैध कोयला परिवहन करते 2 ट्रेलर जप्त

फर्जी दस्तावेजों के सहारे हो रहा था परिवहन! कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
जी. पी. एम. (छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे दो ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 04/05/2026 की रात खनिज विभाग की टीम कोटमी अड़भार क्षेत्र के आसपास कोयला वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कोयले से भरे दो ट्रेलर वाहन क्रमांक MP19ZF 2103 एवं MP18ZF 2118 को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों से ई-ट्रांजिट पास (ETP/RPTP) प्रस्तुत करने को कहा गया, जिस पर उन्होंने
RPTP क्रमांक CGBLRPTP0134977/8 एवं CGBLRPTP0134977/7 प्रस्तुत किया।
लेकिन जब अधिकारियों ने कोयला लोडिंग स्थल की जानकारी ली, तो वाहन चालकों ने बताया कि कोयला कुसमुंडा, जिला कोरबा से लोड किया गया है, जबकि प्रस्तुत RPTP में लोडिंग स्थल माँ तारा ट्रेडर्स, रतनपुर जिला बिलासपुर अंकित पाया गया।
दस्तावेजों और वास्तविक जानकारी में अंतर पाए जाने पर खनिज विभाग ने दोनों वाहनों के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1) एवं 21(5) के तहत अवैध कोयला परिवहन का प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद दोनों ट्रेलरों को सुरक्षार्थ पुलिस लाइन अमरपुर में खड़ा कराया गया है।
इस कार्रवाई में आदित्य मानकर (सहायक खनिज अधिकारी)
सुजीत कंवर (खनिज निरीक्षक)
शिवकुमार लहरे
साहिब गनी (सिपाही)
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




