ब्रेकिंग न्यूज

CGPSC 2018 की टॉपर व वित्त विभाग की अधिकारी अनिता सोनी का निधन, प्रशासनिक महकमे में शोक


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2018 की टॉपर और वित्त विभाग की अधिकारी अनिता सोनी का बीमारी के चलते निधन हो गया। वे एमबीए की पढ़ाई के लिए विभागीय अनुमति लेकर फरीदाबाद गई थीं, जहां पीलिया से पीड़ित होने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
अनिता सोनी को इलाज के लिए फरीदाबाद स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां वे करीब 50 दिनों तक जीवन और मृत्यु से संघर्ष करती रहीं। बीमारी के बढ़ने के कारण उन्हें मल्टी ऑर्गन फेल्योर हो गया और शनिवार देर रात लगभग 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही प्रशासनिक और शासकीय महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारी-कर्मचारियों और जानने वालों ने इसे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
अनिता सोनी रायपुर के मोवा क्षेत्र की रहने वाली थीं। उनके पिता सुरेश सोनी और माता शांति सोनी हैं।
पीएससी में चयन से पहले अनिता छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने पीएससी की तैयारी की और CGPSC 2018 में टॉप कर राज्य में मिसाल कायम की।
अनिता सोनी का जीवन संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा का प्रतीक रहा। उनका असमय निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक गहरी क्षति है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button