जल जीवन मिशन 2.0 पर छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ मंथन, दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने की हाई लेवल समीक्षा बैठक
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में सोमवार शाम जल जीवन मिशन (जे.जे.एम.) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने की। बैठक में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव सहित राज्य के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की प्रगति, लंबित परियोजनाओं की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही परियोजनाओं में तेजी लाने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप और भोजराज नाग उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम ने भी बैठक में भाग लेकर अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े सुझाव और आवश्यकताएं साझा कीं।
बैठक में मिशन की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय के माध्यम से योजनाओं को गति देने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने जल जीवन मिशन 2.0 की प्रमुख विशेषताओं, वर्तमान प्रगति और क्रियान्वयन रणनीति की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।
समीक्षा बैठक में सांसदों की भूमिका पर भी विशेष चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों से जिला स्तरीय DIHSA की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के समाधान में सहयोग करने तथा ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में शामिल होकर पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण एवं ग्राम पंचायतों को उनके हस्तांतरण को बढ़ावा देने का आग्रह किया गया।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़ भी मौजूद रहे। सभी ने जल जीवन मिशन 2.0 के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए राज्य एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वित प्रयासों पर बल दिया।



