सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से नवा रायपुर में खुला छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र
राज्य के युवाओं को मिला अंतरिक्ष विज्ञान में नई उड़ान का अवसर

नई दिल्ली/रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनकर सामने आया है। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि आज छत्तीसगढ़ अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नई पहचान की ओर अग्रसर हुआ है।
इस अवसर पर श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नया आकाश देने वाला मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने इसे राज्य को भविष्य का स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।
उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र के माध्यम से राज्य के छात्र और युवा वैज्ञानिक स्पेस रिसर्च, नवाचार, सिम्युलेशन और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
श्री अग्रवाल ने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों और समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्रीहरिकोटा दौरे से मिली प्रेरणा, संसद तक उठाई आवाज
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण किया था। वहीं से उन्हें छत्तीसगढ़ में भी ऐसी ही अत्याधुनिक सुविधा स्थापित करने की प्रेरणा मिली।
इसके पश्चात 08 सितंबर 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में रायपुर में स्पेस लैब और सिम्युलेटर स्थापित करने का आग्रह किया। साथ ही लोकसभा में नियम 377 के तहत इस महत्वपूर्ण विषय को उठाकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
18 नवंबर 2025 को मिली स्वीकृति
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 18 नवंबर 2025 को अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन ने पत्र के माध्यम से रायपुर में सिम्युलेटर सहित अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्थापित करने की स्वीकृति की जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अनंत संभावनाओं के द्वार
श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है, जो छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाएगा। अब छत्तीसगढ़ के युवा भी इसरो, नासा सहित वैश्विक मंचों पर राज्य का परचम लहराएंगे।




