वाड्रफनगर में सियासी बदलाव: गोंडवाना गणराज्य पार्टी के 15 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

बलरामपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
वाड्रफनगर की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। गोंडवाना गणराज्य पार्टी (GGP) को उस समय जोरदार झटका लगा, जब एक साथ 15 प्रभावशाली नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।
यह ज्वाइनिंग कार्यक्रम पुल के उद्घाटन के पश्चात आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। इस अवसर पर विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने सभी नए सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं ने पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा जताते हुए क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने कहा कि
“भाजपा में शामिल हुए सभी नए साथी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।”
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद वाड्रफनगर के सियासी समीकरणों में बदलाव साफ नजर आने लगा है। वहीं, GGP के लिए यह घटनाक्रम स्थानीय स्तर पर बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के प्रभाव में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में इसका असर क्षेत्रीय राजनीति और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी देखने को मिल सकता है।




