ब्रेकिंग न्यूज

लखनपुर में गौपालन व गौशाला संचालन को लेकर अहम बैठक, आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए बनेगी कार्ययोजना

(छत्तीसगढ़ उजाला)-सरगुजा जिले के लखनपुर तहसील में गौपालन और गौशाला संचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग सरगुजा के सदस्य यतेन्द्र पाण्डेय के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं के सुचारू संचालन, गौधन संरक्षण और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गौसेवा आयोग सरगुजा के जिला सदस्य यतेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गौसेवा आयोग द्वारा गौशालाओं और गौधन संरक्षण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में गौशाला संचालन की पहल करने का आह्वान किया, ताकि गौवंश संरक्षण को मजबूत किया जा सके।
गौसेवा आयोग लखनपुर के अध्यक्ष मदन राजवाड़े ने गौपालन को आत्मनिर्भरता का माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को गौपालन से जुड़ने की अपील की। बैठक में आयोग के सदस्य मनमोहन राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, भोला यादव, राहुल सिंह, ऋषभ पटेल, सत्यनारायण साहू सहित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के सचिव सुरेन्द्र साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला पशु चिकित्सक बी.डी. साहू ने गौपालन, गौशाला एवं गौधन निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गौशाला संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों और शासकीय प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला तथा सरगुजा जिले में अधिक से अधिक गौशालाएं संचालित करने पर जोर दिया, ताकि आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर सुरेन्द्र साहू ने मुख्य सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टा लगाने का सुझाव दिया, जिससे रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में लखनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन गौठानों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लेने का भी निर्णय लिया गया। बैठक को गौसंरक्षण और सुव्यवस्थित गौशाला संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button