रायपुर: खंडहर में चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, 4 गिरफ्तार; 18.45 लाख कैश समेत 25 से ज्यादा ATM-क्रेडिट कार्ड जब्त

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-महादेव सट्टा सिंडिकेट की तर्ज पर वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का कबीर नगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तिरंगा चौक फेस-02, कबीर नगर स्थित एक खंडहर मकान में दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 लाख 45 हजार रुपए नकद, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 25 से अधिक एटीएम व क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक खंडहर मकान में बैठकर ramco777.com, wood777.com और powerexch.com वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और दीपक सचदेवा, ऋषभ रंगलानी व गौरव सचदेवा को मौके से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके पास से लाखों रुपए नकद, मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी ओम खेमानी का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने छठ तालाब, हीरापुर क्षेत्र से उसे भी गिरफ्तार कर लिया। ओम के पास से 3.11 लाख रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में एटीएम-क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए।
मास्टर आईडी से चलता था खेल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘मास्टर आईडी’ के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी की आईडी उपलब्ध कराते थे और क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाते थे। सट्टे की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाला जाता था।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही जिन बैंक खातों के जरिए लेन-देन हुआ है, उनकी भी जांच की जा रही है। सिंडिकेट को मास्टर आईडी उपलब्ध कराने वालों और तकनीकी सहयोग देने वाले आरोपियों की भी पहचान की जा रही है।
पूरे मामले का विस्तृत खुलासा रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जल्द करेंगे।




