छत्तीसगढबिलासपुर

बिलासपुर में आयकर की बड़ी कार्रवाई: कोयला कारोबारी प्रवीण झा के ‘फील ग्रुप’ पर एक साथ छापे, कई ठिकानों पर जांच


बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-गुरुवार सुबह शहर में आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई की खबर फैलते ही व्यापारिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।


जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें सुबह अचानक शहर पहुंचीं और फील ग्रुप के दफ्तर, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों की गाड़ियां एसआईआर (Survey/Investigation) टीम के स्टीकर के साथ अलग-अलग स्थानों पर देखी गईं। बताया जा रहा है कि विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
घुटकू प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी जांच
टीम ने घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड में स्थित आवास पर भी कार्रवाई की। यहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी दस्तावेजों के मिलान और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं।
हालांकि, अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
कौन हैं प्रवीण झा?
प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में गिने जाते हैं और फील ग्रुप के माध्यम से कोयला कारोबार में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को कारोबारी वर्ग में अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button