
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-कांग्रेस की पूर्व प्रवक्ता और वर्तमान में भाजपा नेता राधिका खेड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर भूपेश बघेल को जमकर घेरा और उनकी टिप्पणी को महिला-विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।
राधिका खेड़ा ने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की पत्नी पर निजी टिप्पणी करना न तो जुबान फिसलना है और न ही राजनीतिक आलोचना, बल्कि यह जानबूझकर की गई व्यक्तिगत और बेहद निंदनीय टिप्पणी है। उन्होंने लिखा कि ऐसी सोच की जितनी निंदा की जाए, कम है।
खेड़ा ने आगे आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस की असली सोच अब खुलकर सामने आ रही है, और यही पार्टी के महिला-विरोधी डीएनए को उजागर करता है।
वीडियो साझा कर उठाए गंभीर सवाल
X पर पोस्ट के साथ राधिका खेड़ा ने बिलासपुर के लिंगियाडीह क्षेत्र का वीडियो भी साझा किया है। यह वीडियो उस सभा का बताया जा रहा है, जहां नगर निगम की बेदखली कार्रवाई के विरोध में पिछले 15 दिनों से धरना दे रहे लोगों के समर्थन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल पहुंचे थे। इसी सभा के दौरान दी गई कुछ टिप्पणियां अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
वायरल हो रहे दो अलग-अलग वीडियो में—
एक वीडियो में सीएम और उनकी पत्नी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप है
वहीं दूसरे वीडियो में कहानी के माध्यम से डिप्टी सीएम अरुण साव को ‘बंदर’ कहने और अमर अग्रवाल व धरमलाल कौशिक को मंत्री से संत्री बनाने जैसी बातें कहे जाने का दावा किया जा रहा है
राधिका खेड़ा का तीखा तंज
राधिका खेड़ा ने X पर तीखे शब्दों में लिखा—
“बदतमीज़ ‘ठगेश की पाठशाला’ के संस्थापक, स्वघोषित ‘कका’ ने एक बार फिर मंच से अपनी घटिया और महिला-विरोधी सोच उगल दी। CM विष्णुदेव साय जी की पत्नी पर निजी टिप्पणी न जुबान फिसलना है, न राजनीतिक आलोचना—यह कांग्रेस की महिला-विरोधी DNA की सड़ांध है, जो सत्ता जाते ही और ज़्यादा बदबू मार रही है।”
सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
इस बयानबाज़ी और वायरल वीडियो के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर तेज सियासी हलचल देखी जा रही है। भाजपा इसे कांग्रेस की सोच का असली चेहरा बता रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




