विकसित भारत 2047 की दिशा में निर्णायक कदम है केंद्रीय बजट 2026–27 : जसविंदर बग्गा

कवर्धा(छत्तीसगढ़ उजाला)
देश की माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की स्पष्ट और ठोस रूपरेखा है। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग—सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला सर्वसमावेशी बजट है।
भाजपा नेता जसविंदर बग्गा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय को और बढ़ाकर सड़क, रेल, बिजली, आवास और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। इससे न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि देश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से यह बजट ऐतिहासिक है। नई रेल परियोजनाएं, हाई-स्पीड कॉरिडोर और आधुनिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क देश की रफ्तार बढ़ाएंगे, जिससे व्यापार सुगम होगा और आम नागरिक का समय व संसाधन दोनों बचेंगे।
जसविंदर बग्गा ने बताया कि यह बजट मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है। सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, बायोटेक्नोलॉजी और अत्याधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर देकर भारत को वैश्विक उत्पादन केंद्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बजट में MSME सेक्टर के लिए विशेष फंड, सस्ती वित्तीय सहायता और नियमों को सरल बनाने की व्यवस्था की गई है, जिससे छोटे उद्यमी सशक्त होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन संभव होगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि बजट आम जनता के लिए राहत लेकर आया है। कई जीवन-रक्षक दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि इलाज किसी भी नागरिक पर बोझ नहीं बनना चाहिए।
कर प्रणाली पर प्रतिक्रिया देते हुए जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट ईमानदार करदाताओं के लिए सहूलियत भरा है। प्रक्रियाओं को सरल बनाकर अनावश्यक बोझ को कम किया गया है, जिससे टैक्स सिस्टम अधिक मानवीय और पारदर्शी बनेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए यह बजट आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार तैयार करता है। कौशल विकास, शिक्षा, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किया गया है।
अंत में जसविंदर बग्गा ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 केवल वर्तमान की जरूरतों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया विजन डॉक्यूमेंट है। यह बजट विश्वास, विकास और दूरदर्शिता का प्रतीक है।




