रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे की शुरुआत

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रायपुर पहुंच चुके हैं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यह बीते दो महीनों में अमित शाह का दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ में रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, इस दौरे का मुख्य फोकस राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की रणनीति और सुरक्षा अभियानों की गहन समीक्षा पर रहेगा।
अमित शाह का यह दौरा ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है, जब देश से नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की डेडलाइन अब बेहद करीब आ चुकी है। इस समयसीमा की घोषणा स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री ने की थी। वर्तमान में इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगभग 52 दिन शेष हैं।
डेडलाइन को देखते हुए छत्तीसगढ़ सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षाबलों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि अमित शाह इस दौरान उच्चस्तरीय बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था, अभियान की प्रगति और भविष्य की रणनीति पर दिशा-निर्देश देंगे।
अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में भी शामिल होंगे, जहां वे आदिवासी संस्कृति और विकास से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले अमित शाह 28 से 30 नवंबर के बीच नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में आयोजित 60वें DGP-IGP सम्मेलन में भाग लेने छत्तीसगढ़ आए थे।



