ब्रेकिंग न्यूज

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा रायपुर करेगी जनजागरण अभियान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-केंद्र की लोकप्रिय मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर शुक्रवार को एकात्म परिसर स्थित जिला भाजपा कार्यालय रायपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि 8 जून से 14 जून के बीच जिले से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पदयात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों के सफल संचालन के लिए जिले एवं मंडल स्तर पर टोली का गठन भी किया गया है।

जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।

जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि सभी कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वृहद स्तर पर मनाने का भी आह्वान किया गया।

बैठक के अंत में वरिष्ठ प्रचारक एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में कार्यक्रम के संभाग संयोजक एवं प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जिले, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्षद उपस्थित रहे।
— रोहित द्विवेदी
मीडिया प्रभारी, भाजपा रायपुर

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button