दंतेवाड़ा: पढ़ाई को लेकर अभिभावकों का आरोप बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही , शिक्षिका का विवादित बयान—‘पीटने की अनुमति दो, सुधार दूंगी’

दंतेवाड़ा(छत्तीसगढ़ उजाला)-आदिवासी बहुल दंतेवाड़ा जिले के कारली स्थित निर्मल निकेतन स्कूल में बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्कूल के अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि बच्चों को न तो नियमित ढंग से पढ़ाया जा रहा है और न ही निर्धारित शैक्षणिक गतिविधाएं संचालित की जा रही हैं। मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की गई है, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाई नहीं कराई जाती, बच्चों की कॉपियों की नियमित जांच नहीं होती और कंप्यूटर कक्षाएं भी सही तरीके से संचालित नहीं की जा रही हैं।


। जब इन विषयों को लेकर अभिभावकों ने शिक्षिका से सवाल किए तो उन्होंने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए बच्चों की पढ़ाई सुधारने के लिए मारपीट की अनुमति मांगी।अभिभावकों के अनुसार शिक्षिका ने कहा कि यदि बच्चों को पीटने की अनुमति का लिखित पत्र दे दिया जाए, तो वह उन्हें “ठीक कर देंगी।” इस बयान से अभिभावक आक्रोशित हो गए और पूरे मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर सवाल उठाने के बजाय शिक्षिका ने अधिक फीस वसूली को लेकर भी अभद्रता की। साथ ही, बच्चों को दिए गए गृहकार्य की जांच में लापरवाही और कंप्यूटर प्रशिक्षण में गंभीर अनियमितताओं की बात भी सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन इस पूरे प्रकरण पर फिलहाल कुछ भी कहने से बचता नजर आ रहा है।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) प्रमोद ठाकुर ने बताया कि अभिभावकों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। यह मामला बच्चों की शिक्षा में लापरवाही से जुड़ा है। स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा गया है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



