ब्रेकिंग न्यूज

लंदन में जनजातीय गौरव दिवस की धूम: NRI छत्तीसगढ़ के ‘नाचा’ ने दुनिया को दिखाया संस्कृति का रंग

अपनी माटी से दूर रहकर भी संस्कृति की खुशबू को जीवित रखना गर्व की बात है, और इसी भावना को जीवंत किया है यूके में रहने वाले छत्तीसगढ़ प्रवासियों ने। लंदन में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ NRI Association of Chhattisgarh UK एवं Nacha UK के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन किया गया।

13 नवंबर को हाई कमीशन ऑफ इंडिया, यूके तथा 14 नवंबर को द नेहरू सेंटर, लंदन में आयोजित इन कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक लोक-परंपराओं की मनोहारी प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नाचा की टीम ने संगठन के अध्यक्ष अरविंद साहू के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किया। वहीं कविता गुप्ता और उनकी टीम की विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसे उपस्थित जनसमूह ने भरपूर सराहा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ मूल के परिवार शामिल हुए और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का गौरवपूर्ण अनुभव साझा किया। प्रवासी छत्तीसगढ़ समाज के उत्साह और एकता को देखकर सभी अभिभूत रहे।

नाचा के इस सतत प्रयास की सभी ने सराहना की कि हजारों मील दूर रहकर भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति को सम्मान देना और अगली पीढ़ी तक पहुँचाना वास्तव में प्रशंसनीय है। टीम की समर्पणपूर्ण मेहनत के लिए समूचे समुदाय ने कविता गुप्ता एवं अध्यक्ष अरविंद साहू को आभार और बधाई दी।

लंदन में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक धरोहर का यह प्रभावशाली प्रदर्शन न केवल भारतीय समुदाय के लिए गर्व का क्षण बना, बल्कि वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत करने का प्रयास भी साबित हुआ। छत्तीसगढ़ में भी इस आयोजन की व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे अपनी सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button