₹7,470 करोड़ के ऐतिहासिक रेल बजट से छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार तेज : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के अभूतपूर्व विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹7,470 करोड़ के ऐतिहासिक बजट प्रावधान किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सतत प्रयासों से राज्य में रेलवे क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वर्ष 2009–14 के दौरान जहां रेलवे के लिए औसतन ₹311 करोड़ प्रतिवर्ष का प्रावधान था, वहीं वर्ष 2026–27 में यह बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है, जो लगभग 24 गुना वृद्धि का रिकॉर्ड है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में ₹51,080 करोड़ की लागत से रेल परियोजनाएँ प्रगति पर हैं, जिनमें नए रेल ट्रैक निर्माण, स्टेशनों का पुनर्विकास और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएँ शामिल हैं।
बस्तर को मिली विकास की नई सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदूर वनांचल बस्तर को जगदलपुर से जोड़ने वाली रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना का शुभारंभ जनजातीय समाज के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक अमूल्य उपहार है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, रोजगार और आवागमन के नए अवसर सृजित करेगी। इसके साथ ही परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर और नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे भविष्य में राज्य में यात्री ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी होने की संभावना है।
32 स्टेशन हो रहे आधुनिक, वंदे भारत से बढ़ी रफ्तार
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई एवं उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो जोड़ियाँ एवं अमृत भारत एक्सप्रेस की एक जोड़ी यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधा प्रदान कर रही हैं।
रेल सुविधाओं में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्यों में शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक राज्य में लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर एवं अंडरपास, तथा ‘कवच’ जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली की स्थापना से छत्तीसगढ़ रेलवे विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आमजन के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।




