ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियों में स्कूल संचालन पर सख्ती: लोक शिक्षण संचालनालय ने दिए कार्रवाई के निर्देश

नवा रायपुर( छत्तीसगढ़ में घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्कूलों के संचालन को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने कड़ा रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी की छुट्टियों में स्कूल चलाने वाले निजी शिक्षण संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन ने 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है। इसके बावजूद प्रदेश के कुछ निजी स्कूलों द्वारा अब भी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जो शासन के आदेश का उल्लंघन माना गया है।

लोक शिक्षण संचालनालय ने अपने पत्र में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में दायर याचिका का भी उल्लेख किया है। न्यायालय ने भीषण गर्मी के बीच छात्रों को स्कूल बुलाए जाने को गंभीरता से लेते हुए इसे संज्ञान में लिया है।

DPI ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में अवकाश अवधि के दौरान कक्षाएं संचालित हो रही हैं, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर इसकी जानकारी संचालनालय को भेजी जाए।

यह आदेश लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button