भिलाई की अनुष्का सोन बनीं ‘फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026’, MBBS छात्रा अब नेशनल मंच पर करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व; भुवनेश्वर में होगा ग्रैंड फिनाले

भिलाई/रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ की बेटी अनुष्का सोन ने ग्लैमर की दुनिया में शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। अनुष्का को फेमिना मिस इंडिया के 61वें संस्करण के लिए आधिकारिक तौर पर ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026’ चुना गया है। खास बात यह है कि वे पेशे से MBBS की छात्रा हैं और अब देश के सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कोलकाता से मुंबई तक दमदार सफर
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया बेहद कड़ी रही। शुरुआती ऑडिशन कोलकाता में आयोजित हुए, जहाँ देशभर की सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद पाँच फाइनलिस्ट चुनी गईं। इसके बाद मुंबई में हुए फाइनल ऑडिशन में अनुष्का ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए जीत हासिल की।
दिग्गज जूरी ने लगाई मुहर
मुंबई में आयोजित चयन प्रक्रिया में निकिता पोरवाल, गोकुल गणेशन, नताशा ग्रोवर, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और मशहूर कोरियोग्राफर संदीप सोपरकर जैसे दिग्गजों ने अनुष्का के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक समझ को परखा और उन्हें इस खिताब के लिए चुना।
मिस वर्ल्ड की ओर बढ़ते कदम
टाइम्स ग्रुप और फेमिना द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता सिर्फ सुंदरता नहीं, बल्कि प्रतिभा और व्यक्तित्व का भी मंच है। इसी प्लेटफॉर्म से ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर जैसी हस्तियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
अब अनुष्का सोन की नजरें नेशनल स्टेज पर हैं, जहाँ वे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।




