ब्रेकिंग न्यूज

इंदौर में PWD के तीन अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

इंदौर(छत्तीसगढ़ उजाला)-लोक निर्माण विभाग (PWD) में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए अधिकारियों में जयदेव गौतम (कार्यपालन यंत्री, संभाग-1), टीके जैन (अनुविभागीय अधिकारी) और अंशु दुबे (उपयंत्री) शामिल हैं।


लोकायुक्त टीम ने जयदेव गौतम को उनके शासकीय निवास से 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। वहीं टीके जैन को कार्यालय परिसर के पोर्च के नीचे 1 लाख रुपए लेते समय रंगे हाथ पकड़ा गया। तीसरे आरोपी अंशु दुबे ने भी 1 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन पूरी रकम उपलब्ध नहीं होने के कारण उसने रिश्वत नहीं ली। इस कार्रवाई में कुल 2.50 लाख रुपए जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, धार निवासी और पटेल इंटरप्राइजेस के संचालक राजपाल सिंह पंवार ने वर्ष 2023 में मैथवाड़ा फोरलेन पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य 4.73 करोड़ रुपए में लिया था, जिसे उन्होंने 4.51 करोड़ रुपए में पूरा किया।
कार्य पूरा होने के बाद अंतिम बिल भुगतान के एवज में संबंधित अधिकारियों ने 3.50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की।

लोकायुक्त की इस कार्रवाई से PWD विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button