प्रदेश स्तरीय ‘लोक सेवा गौरव सम्मान’ से गौरवान्वित हुआ जीपीएम जिला, चार शिक्षकों को मिला सम्मान
शिक्षा, साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए बिलासपुर में आयोजित प्रादेशिक सम्मेलन में किया गया सम्मानित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले के लिए गर्व का क्षण रहा, जब जिले के चार शिक्षकों को शिक्षा, साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘लोक सेवा गौरव सम्मान प्रादेशिक सम्मेलन-2026’ में प्रदेश स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा बिलासपुर में आयोजित प्रादेशिक सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में जिले के चारों शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) एवं सम्मान रिबन प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल सम्मानित शिक्षकों के लिए बल्कि पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
सम्मानित शिक्षक एवं उनका योगदान:
आलोक शुक्ला – शिक्षा एवं साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए।
पीयूष गुप्ता – कला एवं संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य के लिए।
अजय चौधरी – शैक्षणिक नवाचार, प्रभावी मंच संचालन एवं शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए।
बलराम तिवारी – संस्कृति संरक्षण तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए।
सम्मेलन में उपस्थित अतिथियों ने सभी शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित शिक्षकों ने भी शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने चारों शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है तथा इससे अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।




