ब्रेकिंग न्यूज

झारखंड शराब घोटाला: छत्तीसगढ़ के कारोबारी नवीन केडिया रांची से गिरफ्तार, 5 दिन की रिमांड


रांची(छत्तीसगढ़ उजाला)-झारखंड के चर्चित शराब घोटाले में फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के कारोबारी नवीन केडिया को Jharkhand Anti Corruption Bureau (एसीबी) ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद केडिया सरेंडर करने के लिए रांची पहुंचा था, जहां एसीबी की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
कोर्ट में पेशी, 5 दिन की रिमांड मंजूर
गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी को ओंकारनाथ चौधरी की विशेष अदालत में पेश किया और सात दिन की रिमांड की मांग की। हालांकि अदालत ने एसीबी को पांच दिन की रिमांड दी है। इस दौरान जांच एजेंसी आरोपी से शराब आपूर्ति, ठेका प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर गहन पूछताछ करेगी।
गोवा से गिरफ्तारी के बाद हुआ था फरार
इस मामले में एसीबी ने 8 जनवरी 2026 को केडिया को गोवा के एक स्पा सेंटर से मसाज कराते समय गिरफ्तार किया था। अगले दिन गोवा की अदालत ने उसे चार दिन की ट्रांजिट बेल देते हुए 12 जनवरी तक एसीबी के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया था।
लेकिन ट्रांजिट बेल मिलने के बाद केडिया पहले दिल्ली और फिर छत्तीसगढ़ पहुंच गया और तय समय पर एसीबी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद जांच एजेंसी ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था।
निम्न गुणवत्ता वाली शराब सप्लाई का आरोप
एसीबी जांच में सामने आया है कि केडिया की कंपनी Chhattisgarh Distillery Pvt Ltd द्वारा निर्मित देसी शराब की आपूर्ति झारखंड में की जाती थी। आरोप है कि इस शराब में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व पाए गए थे।
इसके अलावा झारखंड की पूर्व उत्पाद नीति के दौरान शराब ठेका लेने के लिए अधिकारियों से सांठगांठ और अनियमितताओं के आरोप भी केडिया पर लगे हैं।
फरारी पर एसीबी की सख्त कार्रवाई
केडिया के फरार होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसीबी ने निगरानी में चूक पाए जाने पर 8 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। इनमें एसीबी और रांची जिला पुलिस के इंस्पेक्टर, दारोगा, एएसआई, हवलदार और सिपाही शामिल हैं।
जांच जारी
फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और शराब आपूर्ति, ठेका प्रक्रिया और संभावित भ्रष्टाचार के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button