आस्था का केंद्र कुदरगढ़ धाम बनेगा भव्य, 185 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

सूरजपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)- विष्णुदेव साय ने चैत्र नवरात्रि की तृतीया के पावन अवसर पर जिले के ओड़गी विकासखंड स्थित कुदरगढ़ धाम पहुंचकर माता कुदरगढ़ी के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कुदरगढ़ धाम का भव्य और समग्र विकास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और यह स्थल एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
185 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 185 करोड़ रुपए के 76 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
52 कार्यों का लोकार्पण – लगभग 20 करोड़ रुपए
भूमिपूजन के कार्य – लगभग 164 करोड़ रुपए
इन परियोजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।
आधुनिक विश्रामगृह का लोकार्पण
कुदरगढ़ में लगभग 3.09 करोड़ रुपए की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त विश्रामगृह का भी लोकार्पण किया गया। इस भवन में श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
रोपवे और आधुनिक सुविधाओं का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि,कुदरगढ़ धाम में रोपवे का निर्माण किया जाएगा!डोम, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा
पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा
उन्होंने कहा कि माता के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने-सुपोषण रथ,आपराधिक जागरूकता रथ,यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण तथा सड़क सुरक्षा के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है।
पोषण और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सूरजपुर जिले में रेडी-टू-ईट निर्माण कार्य के जरिए पोषण कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को लाभ मिल रहा है।
नवरात्रि पर श्रद्धालुओं को नमन
मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि देवी-देवता हमारी आस्था के प्रतीक हैं और हमारे जीवन में उत्सव का रंग भरते हैं।
इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, कुदरगढ़ धाम को धार्मिक आस्था के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर एक बड़े तीर्थ और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने मजबूत कदम बढ़ाया है।



